
राष्ट्रीय किसान दिवस के शुभ अवसर पर शिवशक्ति एग्रीटेक लिमिटेड द्वारा किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। संस्था ने हाल ही में डभरा क्षेत्र में एक किसान संगोष्ठी का आयोजन किया। इस संगोष्ठी में संस्था के संभागीय कृषि अधिकारी आदेश कुमार व्यास एवं उनके सहयोगी कृषि अधिकारी आदित्य देहरी , अश्विनी तिवारी , सोमनाथ देवांगन, किशन पटेल , विनोद कुमार ने किसानों को रासायनिक खादों के हानिकारक प्रभावों और जैविक खेती के फायदों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
व्यास जी ने किसानों को बताया कि रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता कम होती है, पानी प्रदूषित होता है और फसलों में रसायनों की मात्रा बढ़ जाती है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। उन्होंने किसानों को जैविक खेती के माध्यम से स्वस्थ और सुरक्षित खाद्य उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित किया। जैविक खेती में रासायनिक खादों के स्थान पर जैविक खादों का उपयोग किया जाता है, जिससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है, पानी साफ रहता है और फसलों में पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ जाती है।
संगोष्ठी में उपस्थित किसानों ने जैविक खेती के बारे में उत्सुकता दिखाई और व्यास जी के द्वारा दी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना। किसानों ने जैविक खेती को अपनाने के लिए उत्साह व्यक्त किया और संस्था के द्वारा प्रदान की जा रही सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।
संगोष्ठी में सुभाष, राजकुमार, शुक्लांबर, छोटेलाल सहित कई अन्य किसान उपस्थित रहे। सभी किसानों ने इस संगोष्ठी को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।