
रायपुर। आशीर्वाद हायर सेकेंडरी इंग्लिश स्कूल, बैरन बाजार, रायपुर के माध्यम से कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल के तत्वावधान में कान्यकुब्ज युवा मंडल द्वारा प्रदेश स्तरीय ‘‘कान्यकुब्ज प्रीमियर लीग-2026’’ का आयोजन सुभाष स्टेडियम, नल घर चौक, रायपुर में किया जा रहा है। तीसरे दिन सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में टीम महाकाल इलेवन लवन एवं द्रोणाचार्य रायपुर की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें टीम महाकाल इलेवन लवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन पांच विकेट के नुकसान पर बनाया, जिसमें चंदन पाण्डेय की आतिशी 96 रन की पारी एवं ईशान बाजपेयी के 36 रन नाबाद शामिल है। जिसके जवाब में द्रोणाचार्य रायपुर की टीम 120 रनों पर सिमट गयी, जिसमें उत्कर्ष मिश्रा ने 16 गेंदों में 56 रनों महत्वपूर्ण योगदान दिया। आज के दूसरे सेमीफाइनल मैच में चाणक्य चैलेंजर्स रायपुर एवं महर्षि विश्वामित्र बिलासपुर के बीच मुकाबला हुआ जिसमें चाणक्य चैलेंजर्स ने 100 रन का लक्ष्य दिया, जिसके जवाब में महर्षि विश्वामित्र बिलासपुर ने 2 विकेट खोकर 100 रन बनाकर जीत हासिल की, जिसमें अक्षत बाजपेयी ने मात्र 19 गेंदों में 53 रनों की आतिशी पारी खेली। इसके साथ ही टीम महाकाल इलेवन लवन एवं महर्षि विश्वामित्र बिलासपुर की टीम फाइनल में प्रवेश कर लिया। कल का फाइनल मुकाबला दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा। तत्पश्चात पुरस्कार वितरण सायं 4 बजे आशीर्वाद भवन बैरन बाजार रायपुर में किया जाएगा। आज के कार्यक्रम में उत्साहवर्धन करने हेतु समाज के अध्यक्ष श्री सुरेश मिश्रा, सचिव श्री राज कुमार दीक्षित, पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्यगण एवं कान्यकुब्ज युवा मंडल से संगम तिवारी, प्रभात पाण्डेय, लखन बाजपेयी, राघवेन्द्र पाठक, अभिषेक मिश्रा, आशीष बाजपेयी, अजय बाजपेयी, अमित तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्यगण उपस्थित थे।
