बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में हुई हत्या की घटना को लेकर कुछ मीडिया माध्यमों में “आंख निकालकर हत्या” जैसी भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं। इस पर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ऐसी जानकारी पूरी तरह गलत और अतिरंजित है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, घटना में मृतिका के चेहरे पर गंभीर चोटें अवश्य आई हैं, लेकिन “आंख निकाल लेने” जैसी कोई बात नहीं है। घातक हमले के कारण ही महिला की मृत्यु हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी द्वारा अवैध संबंध के शक में बदले की भावना से हमला किया गया। इसी दौरान धारदार हथियार से किए गए वार में चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे मौत हुई।
पुलिस ने मीडिया से अपील की है कि घटना को लेकर तथ्यात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण खबरें ही प्रकाशित करें तथा अनावश्यक रूप से भयावह और भ्रामक विवरण प्रस्तुत करने से बचें।
फिलहाल मामले में आरोपी और उसके दो पुत्रों को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।