पुश्तैनी निजी भूमि में बाउंड्रीवाल निर्माण पर अवैध शिकायतों के खिलाफ पीड़ित परिवार ने प्रेसवार्ता करक़े न्याय की लगाई गुहार

बिलासपुर। पुश्तैनी निजी भूमि में बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर कथित विरोध और लगातार की जा रही शिकायतों से परेशान एक परिवार ने प्रेसवार्ता कर शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। परिवार ने आरोप लगाया कि उनकी वैध निजी जमीन पर अनावश्यक रूप से विवाद खड़ा किया जा रहा है और भ्रामक खबरें फैलाकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में शहर के प्रतिष्ठित परिवार के सदस्य अजय सोमावार और किशोर सोमावार अपने परिजनों के साथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बताया कि सरकंडा स्थित मुक्तिधाम के पीछे कपिल नगर क्षेत्र में उनकी लगभग 60 डिसमिल पुश्तैनी निजी भूमि वर्ष 1962 से दर्ज है, जिसमें वर्तमान में 8 खातेदार हैं।

अजय सोमावार ने आरोप लगाया कि पास की कोटवारी भूमि पर कब्जाधारी मन्नू मानिकपुरी द्वारा उनकी निजी जमीन पर बाउंड्रीवाल निर्माण का विरोध किया जा रहा है और विभिन्न माध्यमों से शिकायतें कर प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति द्वारा फैलाए जा रहे आरोपों और अफवाहों के कारण पूरा परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव का सामना कर रहा है। परिवार के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी वैध निजी भूमि पर नियमानुसार बाउंड्रीवाल का निर्माण करना चाहते हैं, जिसके लिए प्रशासन से अनुमति की अपेक्षा है। साथ ही उन्होंने मांग की कि झूठी शिकायतें करने और अनावश्यक विवाद खड़ा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। इस संबंध में परिवार ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम और कलेक्टर कार्यालय में पहले ही लिखित शिकायत प्रस्तुत की जा चुकी है। अब उन्होंने मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *