कोटमी गोलीकांड पर सख्त हुए आईजी रामगोपाल गर्ग और सराफा प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी…..बोले किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी ऐसी वारदात…..

बिलासपुर–पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी मुख्य बाजार में सराफा व्यापारी पप्पू उर्फ प्रदीप सोनी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की घटना ने पूरे बिलासपुर संभाग को झकझोर कर रख दिया है। लूटपाट की नीयत से पहुंचे बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा व्यापारी को गोली मारने की वारदात के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आया और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर आईजी रामगोपाल गर्ग,एडिशनल एसपी अविनाश मिश्रा और सराफा संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी पहुंचकर घटना का जायजा लिया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आईजी गर्ग ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी लेते हुए साफ शब्दों में कहा कि इस तरह की जघन्य वारदात किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मामले को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए तथा पुलिस टीमों को तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन सर्चिंग तेज करने कहा।

आईजी गर्ग की सख्त मॉनिटरिंग के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है। घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर कई संदिग्धों पर निगरानी रखी जा रही है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित सक्रियता और मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी को भरोसा बढ़ाने वाला कदम बताया है।वहीं कमल सोनी भी घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल कोटमी पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इस निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सराफा व्यापारियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कमल सोनी ने साफ कहा कि व्यापारी समाज भय के माहौल में काम नहीं कर सकता और दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई होना जरूरी है।प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने पुलिस प्रशासन की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि जिस तेजी से आईजी स्तर से पूरे मामले की मॉनिटरिंग की जा रही है, उससे व्यापारियों को न्याय मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि सराफा एसोसिएशन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और दोषियों की गिरफ्तारी तक व्यापारी समाज पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *