डॉक्टर सिर्फ इलाज नहीं करते, जीने की उम्मीद भी देते हैं: ब्रह्माकुमारी मंजू दीदीराष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चिकित्सकों के समर्पण, करुणा और सेवा-भाव को किया नमन

बिलासपुर, 1 जुलाई 2026: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ के प्रतिदिन सत्संग में ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “निराशा में आशा उत्पन्न करना ही सबसे बड़ी सेवा है, और यही कार्य एक सच्चा चिकित्सक प्रतिदिन करता है।”

उन्होंने कहा कि जब रोगी शारीरिक पीड़ा और मानसिक तनाव से गुजर रहा होता है, तब चिकित्सक केवल उपचार ही नहीं करते, बल्कि अपने स्नेह, सकारात्मक शब्दों और आत्मीय व्यवहार से उसके भीतर जीने का नया उत्साह और विश्वास भी जगाते हैं।

मंजू दीदी ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि मानवता की सर्वोच्च सेवाओं में से एक है। चिकित्सकों की करुणा, धैर्य और निस्वार्थ सेवा असंख्य परिवारों के जीवन में नई खुशियां लौटाती है। विषम परिस्थितियों में उनका त्याग और कर्तव्यनिष्ठा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने सभी चिकित्सकों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सेवा-शक्ति के लिए परमपिता परमात्मा शिव से मंगलकामना की। साथ ही कहा कि आज का समाज ऐसे संवेदनशील चिकित्सकों की बदौलत ही निराशा से आशा और पीड़ा से राहत का अनुभव कर रहा है।

कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने सभी चिकित्सकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और ब्रह्माकुमारीज़ परिवार की ओर से डॉक्टरों के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सफल जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर चिकित्सकों के सम्मान में विशेष ग्रीटिंग ई-कार्ड भी जारी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *