
एस.पी. शुक्ला
कार्यकारी संपादक

बिलासपुर, 03 अगस्त 2026। अपनी लंबित मांगों को लेकर राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रांतीय आह्वान पर आज बिलासपुर में पटवारियों ने हुंकार भरी। जिलाध्यक्ष विजय भारत साहू के नेतृत्व में सैकड़ों पटवारियों ने कोन्हेर गार्डन में एक दिवसीय धरना देकर शासन के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना के पश्चात विशाल रैली निकालकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे पटवारियों ने कलेक्टर संजय अग्रवाल की अनुपस्थिति में अतिरिक्त कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मांगों के संबंध में सकारात्मक चर्चा भी हुई।
पटवारियों की प्रमुख मांगें
- पदोन्नति एवं वेतन विसंगति का तत्काल निराकरण किया जाए
- राजस्व निरीक्षक के रिक्त पदों पर पटवारियों की पदोन्नति की जाए
- राजस्व निरीक्षक भर्ती हेतु 50% वरिष्ठता एवं 50% विभागीय परीक्षा के आधार पर चयन हो
- गोपनीय चरित्रावली प्रतिवर्ष समय पर तैयार की जाए
- राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण का नियमित आयोजन किया जाए
- राजस्व संबंधी किसी भी जानकारी के लिए समय-सीमा निर्धारित की जाए
जिलाध्यक्ष विजय भारत साहू ने कहा कि “पटवारी राजस्व व्यवस्था की रीढ़ हैं। वर्षों से हमारी मांगे लंबित हैं। यदि शासन द्वारा शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।”
आज के इस धरना-प्रदर्शन में जिले के समस्त पटवारी उपस्थित रहे और एकजुटता का परिचय दिया।