
बिलासपुर, 2 अगस्त 2026। श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद्, बिलासपुर के तत्वावधान में रविवार को सरकंडा स्थित पाम इंक्लेव में वैदिक विधि-विधान से भव्य रुद्राभिषेक पूजन संपन्न हुआ।
पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं शिव स्तुति की गूंज से वातावरण पूर्णतः शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, राष्ट्र की उन्नति, सामाजिक एकता, परिवारों की सुख-समृद्धि तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु भगवान भोलेनाथ से मंगलकामना की।
मातृशक्ति ने संभाली आयोजन की कमान
इस पावन अनुष्ठान में यजमान के रूप में विभा पांडेय एवं विनोद पांडेय ने श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन किया। संपूर्ण रुद्राभिषेक का संचालन विद्वान आचार्य पं. अनिल मिश्रा के सान्निध्य एवं वैदिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न हुआ। भगवान शिव का दुग्ध, दही, घृत, मधु, गंगाजल एवं पंचामृत से अभिषेक किया गया। रुद्रसूक्त एवं शिव मंत्रों के सस्वर पाठ से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
संगठन की जिलाध्यक्ष रमा दीवान ने बताया कि परिषद् की मातृशक्ति ने अत्यंत उत्साह एवं समर्पण के साथ सहभागिता निभाई। प्रमुख सलाहकार शि द्विवेदी एवं प्रदेश सचिव मनीषा शर्मा ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, अपितु समाज में संस्कार, समरसता एवं एकजुटता का प्रेरणादायी संदेश भी देता है।
“धर्म समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम है” – सरोज तिवारी
प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज तिवारी ने कहा कि समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् द्वारा समय-समय पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक चेतना एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। परिषद् का उद्देश्य मातृशक्ति को संगठित करते हुए समाज में सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विस्तार करना है।
रुद्राभिषेक के उपरांत सामूहिक आरती संपन्न हुई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। अंत में जिला सचिव अंजू शर्मा ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर माया दुबे, सरिता तिवारी, किरण शर्मा, सीमा शर्मा, प्रीति पांडेय, प्रियंका दुबे, कुसुम दुबे, पुष्पा दुबे, वंदना शर्मा, मीना पांडेय, अलका पांडेय, इंदु दीवान, प्रतिमा शर्मा, शिवानी मिश्रा, नंदिनी तिवारी, इंद्राणी दुबे, विजयलक्ष्मी पाठक, चंद्रकांता गौरहा, मीना तिवारी, रेखा दुबे, रमा देवी दुबे, तारा देवी दुबे, मनोरमा शर्मा एवं निक्की पांडेय सहित अनेक मातृशक्तियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।