

बिलासपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरी विश्व विद्यालय द्वारा पूरे देश में चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्त अभियान की गूंज अब बिलासपुर में सुनाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस महा-अभियान का वर्चुअल उद्घाटन किया जा चुका है।

इसी कड़ी में बिलासपुर टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित राजयोग भवन की मुख्य संचालिका बीके स्वाति दीदी के मार्गदर्शन में बेलतरा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में नशा मुक्ति प्रतिज्ञा समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक ने बच्चों, शिक्षकों और नागरिकों के साथ स्वयं नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दोहराई।
उन्होंने कहा कि नशा आज युवा धन और समाज को खोखला कर रहा है। ब्रह्माकुमारीज द्वारा प्रधानमंत्री जी के विजन को आगे बढ़ाते हुए 10 करोड़ लोगों को नशा मुक्त करने का संकल्प लेना बेहद सराहनीय है। उन्होंने क्षेत्र को पूरी तरह व्यसन मुक्त बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी रुक्मणी दीदी ने नशे के दुष्प्रभावों पर व्याख्यान दिया। उन्होंने वैज्ञानिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से बताया कि कैसे एक छोटा व्यसन पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। दीदी ने बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनने और बड़ों को बच्चों के सामने अच्छा उदाहरण पेश करने की प्रेरणा दी।
इसके बाद उपस्थित सभी लोगों को जीवनभर नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा कराई गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, ब्रह्माकुमारीज के सेवाधारी भाई-बहनें, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।