
बिलासपुर। रक्षाबंधन की रात शहर के मध्य में हुई पथराव और तोड़फोड़ की घटना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में दोनों पक्षों के कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सीनियर SSP रजनेश सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।

कैसे शुरू हुआ विवाद?
SSP के अनुसार घटना की शुरुआत मधनगरी चौक के पास एक बिरयानी सेंटर के सामने हुई। दो गुटों के युवकों के बीच कहासुनी और मारपीट के बाद मामला बढ़ गया। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दोनों पक्षों ने अपने समर्थकों को बुला लिया, जिसके बाद गलियों में पथराव, तोड़फोड़ और गाड़ियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हुईं। देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस लाइन और जिले के अन्य थानों के बल को बुलाकर नियंत्रित किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
पुलिस ने सोहेल ग्रुप के 8 और दूसरे ग्रुप के 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी खपरगंज, तालापारा, जबड़ापारा और कुंदरापारा क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस की आगे की कार्रवाई:
SSP ने बताया कि इस मामले में CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। छतों से पथराव और विस्फोटक सामग्री फेंकने के वीडियो की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए अलग से टीम बनाई गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ मैसेज पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने कहा है कि आने वाले त्योहारों – जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, नवरात्र और दशहरा को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।