कैट और आयकर विभाग का ‘व्यापारी कर संवाद’ 2 सितंबर को बिलासपुर में वरिष्ठ अधिकारी देंगे टैक्स नियमों की जानकारी, समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

बिलासपुर। व्यापारियों को टैक्स नियमों के प्रति जागरूक करने और उनकी समस्याओं का ऑन-स्पॉट समाधान करने के उद्देश्य से कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) छत्तीसगढ़ एवं आयकर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 2 सितंबर 2026, बुधवार को बिलासपुर में “व्यापारी कर संवाद” कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

कैट बिलासपुर के जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह ने बताया कि ‘एक प्रदेश, एक दिन, एक संवाद’ की थीम पर आधारित यह कार्यक्रम होटल सैफरन, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, पुराना बस स्टैंड में शाम 3:30 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम के समापन पर हाई-टी का भी प्रबंध किया गया है।

उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में एक साथ विभिन्न जिलों में इस विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को नए टैक्स प्रावधानों की सही जानकारी देना और उनकी व्यापारिक समस्याओं का त्वरित निपटारा करना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लैजू जैकब, ACIT-1 (1), आयकर विभाग, छत्तीसगढ़ उपस्थित रहेंगे। उनके साथ वरिष्ठ आयकर अधिकारी प्रभु दयाल सिंह एवं सुनील कुमार सिंह भी मौजूद रहकर व्यापारियों की शंकाओं का समाधान करेंगे और टैक्स से जुड़ी बारीकियों पर मार्गदर्शन देंगे।

इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र गांधी, राष्ट्रीय सचिव राजू सलूजा, प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप खेंडेलवाल, सुरेंद्र अजमानी सहित कैट बिलासपुर के कार्यकारिणी अध्यक्ष संजय मित्तल, महामंत्री अनिल राघवानी, कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, संगठन महामंत्री परमजीत उबेजा आदि भी उपस्थित रहेंगे।

जयसिंह ने बिलासपुर के सभी व्यापारी संगठनों और व्यापारी बंधुओं से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण संवाद में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *