बिलासपुर में अवैध वसूली का आतंक: ‘भारत बैग हाउस’ पर हमले के विरोध में एकजुट हुआ पूरा व्यापारी जगत

बिलासपुर। शहर के ह्रदय स्थल तेलीपारा मेन रोड स्थित ‘भारत बैग हाउस’ के संचालकों के साथ गणेश चंदा के नाम पर हुई अवैध वसूली, गाली-गलौज और मारपीट की निंदनीय घटना के विरोध में कल प्रेस क्लब में एक बड़ी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है।

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) व छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं सभी व्यापारिक संगठनों ने इस गुंडागर्दी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

आज कैट के राष्ट्रीय सचिव राजू सलूजा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र अजमानी, बिलासपुर जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह, कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, संगठन महामंत्री परमजीत उबेजा, युवा कैट अध्यक्ष भारत ऋषि, सचिव भरत केरवानी, तेलीपारा से प्रवीण सोनी, सुनील चिमनानी, दवा संघ से सच्चानंद तीर्थानी और स्थानीय व्यापारियों ने पीड़ित व्यवसायियों से मुलाकात कर अपनी एकजुटता व्यक्त की और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।

घटना का विवरण (एफआईआर के अनुसार) –
दिनांक 16/09/2026 को दोपहर करीब 04:30 बजे गणेश चंदा मांगने आए कुछ लोगों ने भारत बैग हाउस के संचालकों से ₹5100 की मांग की। व्यापारियों द्वारा स्वेच्छा से ₹3100 दिए जाने पर चंदा मांग रहे असामाजिक तत्वों ने इसे कम बताते हुए बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर ₹5500 देने के बाद भी आशु अग्निहोत्री और उसके साथियों ने व्यापारियों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए। बीच-बचाव करने आए स्टाफ और परिजनों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया, जिसकी पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैट बिलासपुर जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह ने बताया कि इस गंभीर घटना को लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यावसायिक सुरक्षा और अवैध वसूली के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कल प्रेस क्लब में होने वाली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशासन के सामने मांगे रखी जाएंगी और भविष्य में इस तरह की गुंडागर्दी व अवैध वसूली को रोकने के लिए रणनीति का ऐलान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *