नवरात्रि और दशहरा देते हैं असुरत्व पर विजय का यादगार – ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी

22 अक्टूबर से टिकरापारा व राज किशोर में निःशुल्क राजयोग शिविर का आयोजन

*शिव-अनुराग भवन, राज किशोर नगर, बिलासपुर : नवरात्रि और दशहरे का पर्व सत्य की असत्य पर तथा अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश देता है। इसी आध्यात्मिक भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिव-अनुराग भवन में आयोजित चैतन्य देवियों की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। झांकी में नौ देवियों के साथ झूले पर विराजित देवी सहित दस देवियों के दर्शन हो रहे हैं। वहीं, सहस्र ज्योतिर्लिंग की मनोहारी प्रस्तुति भी भक्तों को आकर्षित कर रही है। शहर के अनेक परिवार एवं गणमान्य नागरिक झांकी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

आंतरिक बुराइयों पर विजय ही सच्चा दशहरा

बीके मंजू दीदी ने कहा कि दशहरे का आध्यात्मिक संदेश केवल बाहरी बुराई पर विजय प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने भीतर की नकारात्मक प्रवृत्तियों को समाप्त करना भी है। रावण को आसुरी शक्तियों का प्रतीक माना जाता है, जबकि काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसे विकार मनुष्य के भीतर की बुराइयों को दर्शाते हैं। जब व्यक्ति इन विकारों को छोड़कर सत्य, प्रेम, शांति, पवित्रता और सद्भाव जैसे श्रेष्ठ गुण अपनाता है, तभी वास्तविक विजय प्राप्त होती है। राजयोग मेडिटेशन आत्मिक शक्ति बढ़ाकर इस परिवर्तन में सहायक बनता है।

बीके मंजू दीदी ने श्रद्धालुओं को प्रेरित किया कि वे इस शुभ अवसर पर केवल दर्शन करके न लौटें, बल्कि अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का कोई संकल्प भी लेकर जाएं।

22 अक्टूबर से सात दिवसीय निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन शिविर

आध्यात्मिक ज्ञान को व्यवहार में लाने और मन को सकारात्मक बनाने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ के राज किशोर नगर एवं टिकरापारा सेवा केंद्रों द्वारा 22 से 28 अक्टूबर तक सात दिवसीय निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर के सत्र प्रतिदिन सुबह 7 से 8:15 बजे तथा शाम 7 से 8:15 बजे तक होंगे। इसमें मन की शांति, सकारात्मक चिंतन, तनावमुक्त जीवन और आत्मिक शक्तियों के विकास के लिए राजयोग ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा।

चैतन्य देवियों की झांकी और राजयोग शिविर के माध्यम से लोगों को यही प्रेरणा दी जा रही है कि जीवन में सत्य को अपनाकर असत्य, अच्छाई को अपनाकर बुराई और श्रेष्ठ संस्कारों को अपनाकर नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय प्राप्त करें। इच्छुक व्यक्ति शिव-अनुराग भवन, स्मृति-वन के पास, मेन रोड, राज किशोर नगर तथा प्रभु दर्शन भवन, टिकरापारा, बिलासपुर में 91097-73705, 62602-55057 व सेवाकेन्द्र के ऑफिसियल व्हाट्सप्प से 97537-82767 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *