
बिलासपुर पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह जी के द्वारा चलाए जा रहे चेतना अभियान के अंतर्गत दूसरे चरण में साइबर की पाठशाला का आयोजन पूरे बिलासपुर जिले में चलाया जा रहा है। इसी तारतम्यता में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय बिलासपुर की मुख्य सेवाकेंद्र राजयोग की शाखा रतनपुर स्थित सेवाकेंद्र द्वारा बीके स्वाति दीदी के मार्गदर्शन में रतनपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला, स्कूल में साइबर की पाठशाला चलाई गई। बीके रूक्मणी दीदी ने साइबर की पाठशाला से बच्चों को अवगत कराते हुए कहा कि मोबाइल के उपयोग से पहले कुछ विशेष बातों का ध्यान दें कि पासवर्ड हमेशा मजबूत होना चाहिए, जिसे कोई भी आसानी से ना जान सके। हमेशा उन्हीं लोगों से जुड़े जिन्हें आप वास्तविक जीवन में जानते हैं। बिना अपने माता-पिता के साथ चर्चा किये कोई सामान ऑनलाइन ना खरीदें। कभी भी किसी ऑनलाइन फ्रेंड से मिलने को राजी ना हो। आधुनिक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए कहा कि आने वाला समय और भी अधिक डिजिटल होगा, क्योंकि इंटरनेट अपनी पांचवीं पीढ़ी में प्रवेश करने वाला है। इंटरनेट का सावधानी पूर्वक उपयोग करने पर यह वरदान साबित होगा, वरना जितनी तेजी से इंटरनेट में सेंधमारी बढ़ रही है तो ऐसे में जल्द ही इंटरनेट अभिशाप भी बन सकता है। साइबर की पाठशाला में विद्यालय के उपप्राचार्य एल.के. शास्त्री एवं शिक्षक गण उपस्थित रहे।


