
बहतराई : “माँ जननी है, माँ ही सृष्टि है…” इन्हीं भावनाओं के साथ बहतराई स्थित माता रानी वृद्धाश्रम में मदर्स डे (मातृ दिवस) का भावपूर्ण आयोजन किया गया। स्वयं सिद्धा फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने वृद्धाश्रम की बुजुर्ग महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
केक काटकर और उपहार भेंट कर बढ़ाया मान
मदर्स डे के अवसर पर फाउंडेशन के सदस्यों ने बुजुर्ग माताओं के साथ मिलकर केक काटा। इस दौरान न केवल उनके लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई, बल्कि सम्मान स्वरूप सभी माताओं को साड़ियां भी भेंट की गईं।
कार्यक्रम का सबसे भावुक पल वह था जब वृद्धाश्रम में रह रही माताओं ने फाउंडेशन के सदस्यों को अपने परिवार का हिस्सा और बेटे जैसा मानकर गले लगा लिया और अपना भरपूर प्यार व आशीर्वाद उन पर निछावर किया।
माँ का त्याग और समर्पण अनमोल
फाउंडेशन की अध्यक्ष चंचल सलूजा ने इस दिन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा:”मदर्स डे दुनिया भर की माताओं के निस्वार्थ प्रेम, त्याग और समर्पण को सम्मानित करने का एक विशेष दिन है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि हमें अपनी माताओं के प्रति सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए।”
संस्था के सचिव नवीन चंद्र दुबे ने सभी माताओं को बधाई देते हुए कहा कि माँ की ममता अनमोल है, वह सृष्टि का आधार और जननी है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस सेवाभावी कार्यक्रम को सफल बनाने में फाउंडेशन की टीम का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से रम्या सुभाष,विमल रजक,श्वेता सिंह,विजय लक्ष्मी,गंगा निषाद,सिमरन कौर सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।