
बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रीसूर्या पुष्पा फाउंडेशन का विधिवत शुभारंभ आज फाउंडेशन कार्यालय में पौधारोपण कर किया गया।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के संस्थापक एवं डायरेक्टर गौरव शुक्ला के साथ सक्रिय सदस्य राघव साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों के सानिध्य में कार्यालय परिसर में आम और मुंगा के पौधे गमलों में लगाए गए। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने पौधों की देखभाल और उन्हें सुरक्षित रखने की शपथ ली।
शुभारंभ के बाद जानकारी देते हुए फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में कृष्णापुरम में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही कोटा, पीपलतराई और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी पौधारोपण किया जाएगा।
फाउंडेशन ने इस वर्ष 500 पेड़ लगाने का संकल्प लिया है। फाउंडेशन का उद्देश्य फलदार, छायादार और औषधीय वृक्ष लगाकर पर्यावरण को हरा-भरा बनाना और आमजन में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता फैलाना है।
फाउंडेशन की विशेष पहल यह है कि जो बहुत छोटे पौधे होते हैं उन्हें पहले घर के गमलों में लगाकर बड़ा किया जाता है। जब पौधे मजबूत हो जाते हैं तब उन्हें बड़े क्षेत्र में रोपित किया जाता है। इसका उद्देश्य हर पौधे को बचाना है, क्योंकि छोटे पौधे सीधे बाहर लगाने पर अक्सर नष्ट हो जाते हैं। इस प्रक्रिया को फाउंडेशन हर साल निरंतर जारी रखेगा।
इस अवसर पर फाउंडेशन के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
–