संजीवनी हॉस्पिटल के पास हादसा: रुद्र प्रताप शर्मा की याद में निकला कैंडल मार्च, गूंजा – अब और नहींसिंधु जनजागरण संघर्ष समिति ने शारदा माता मंदिर में किया आयोजन, नेता प्रतिपक्ष समेत सैकड़ों लोग हुए शामिल

बिलासपुर। संजीवनी हॉस्पिटल के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में असमय दिवंगत हुए युवा रुद्र प्रताप शर्मा की स्मृति में सोमवार शाम कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सिंधु जनजागरण संघर्ष समिति के तत्वावधान में शारदा माता मंदिर, स्मार्ट सिटी रोड पर हुए आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शाम 7 बजे कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन से हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर रुद्र प्रताप शर्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। पूरे आयोजन के दौरान माहौल गमगीन रहा और ‘अब और नहीं’ के नारों के साथ कई लोगों की आंखें नम हो गईं। नागरिकों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि एक युवा की असमय मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। प्रशासन से मांग की गई कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत सुदृढ़ किया जाए, तेज रफ्तार एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर, संकेतक और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी पीड़ा न झेलनी पड़े।

श्रद्धांजलि सभा में नेता प्रतिपक्ष भारत कश्यप, समिति अध्यक्ष हरिकिशन गंगवानी, सचिव मनीष गुरुवाणी, अमर रुपानी, मनीष लाहौरानी, रवि बजाज, गनी बॉस, संतोष ढीमर, मोहन सामनानी, विकास सामनानी, सुजुकी सुनील चंद्रा, राहुल माणिकपुरी, करण कुर्रे, डागा यादव, भरत निर्मलकर, रितेश सिंह, राजा ढीमर, प्रहलाद ढीमर, अमित मसीह सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

सिंधु जनजागरण संघर्ष समिति ने दिवंगत रुद्र प्रताप शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए संकल्प लिया कि उनकी स्मृति में सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। समिति ने कहा कि रुद्र की असमय मौत व्यर्थ नहीं जाएगी – यह शहर में सुरक्षित सड़कों की नई शुरुआत बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *