
08 जुलाई 2025, बिलासपुर। देश का राष्ट्रपति भवन उस समय सफेद हंसवाहक ब्रह्माकुमारीज भाई-बहनों से सज गया जब 07 जुलाई को ब्रह्मा कुमारीज की यातायात एवं परिवहन प्रभाग के पूरे भारत वर्ष से सभी वरिष्ठ सदस्य राष्ट्रपति भवन पहुंचे। ट्रांसपोर्ट एंड ट्रेवल विंग की अध्यक्षा ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी दिव्या दीदी जी की अगवाई में सभी भाई-बहनों ने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी से मुलाकात की। इस उपलक्ष्य में महामहिम राष्ट्रपति जी ने कहा कि जीवन एक यात्रा है और उसमें बहुत सावधानियां रखनी पड़ती है उसी प्रकार यातायात के नियमों का पालन करना भी बहुत आवश्यक है, क्योंकि प्रतिवर्ष एक युद्ध से भी ज्यादा रोड एक्सीडेंट में लोगों की मृत्यु होती है। जिससे उनका पूरा परिवार असहाय हो जाता है। मनुष्य का मन शांत और खुश होता है तो बाह्य स्थितियां भी सुखद हो जाती है। राष्ट्रपति जी ने ट्रांसपोर्ट एवं ट्रेवल विंग के 25 वर्ष से निरंतर की जा रही सेवाओं की रजत जयंती के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश और समाज के लिए आपकी सेवाएं अतुलनीय है।
राजयोगिनी दिव्या दीदी जी ने महामहिम राष्ट्रपति जी का शॉल, बुके से स्वागत किया। मुम्बई की बीके संगीता दीदी जी ने बहुत सुंदर कविता सुनाई। नेशनल कॉर्डिनेटर बीके कविता दीदी ने ट्रांसपोर्ट एंड ट्रेवल विंग कि पूरे भारतवर्ष में हो रही सेवाओं को विस्तार से बताया। यातायात एवं परिवहन प्रभाग के सदस्यों के लिए राष्ट्रपति भवन में स्वल्पाहार का आयोजन किया गया तथा पूरे राष्ट्रपति भवन एवं आनंद उद्यान का भ्रमण कराया गया। सभी सदस्यों ने नई पार्लियामेंट बिल्डिंग का भी सम्पूर्ण अवलोकन किया।
डॉक्टर कमल छाबड़ा पिछले कई दशकों से ब्रह्माकुमारीज के वरिष्ठ सदस्य के रूप में निरंतर मानवीय सेवा में प्रयासरत हैं। उनके द्वारा नगर में विभिन्न सेवाएं निरंतर की जाती है। उनकी सेवाओं को ध्यान में रखते हुए ब्रह्माकुमारीज के ट्रांसपोर्ट एवं ट्रेवल विंग द्वारा विशेष निमंत्रण दिया गया। इस उपलक्ष्य में डॉ कमल छाबड़ा ने पुलिस अधीक्षक भ्राता रजनेश सिंह जी द्वारा चलाए जा रहे चेतना अभियान के अंतर्गत यातायात की पाठशाला की संपूर्ण जानकारी यातायात एवं परिवहन प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्ष बीके दिव्या दीदी जी को दी।