
बिलासपुर, पद्मश्री पं.रामलाल बरेठ जी को ‘अकादमी रत्न’ से सम्मानित करने की भारत सरकार की घोषणा से नृत्यधारा फाउंडेशन बिलासपुर की संस्थापिका एवं अंतर्राष्ट्रीय कत्थक एवं ओड़िसी नृत्य साधिका आंचल पांडेय द्वारा पद्मश्री पं.रामलाल बरेठ जी का शाल और श्रीफल से अभिनंदन एवं आत्मीय सम्मान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डाॅ.विनय कुमार पाठक पूर्व अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग एवं कुलपति थावे विद्यापीठ गोपालगंज विहार ने कहा कि पं रामलाल बरेठ जी का जीवन कत्थक नृत्य के लिए समर्पित रहा आज वे कत्थक नृत्य के पर्याय बन चुके हैं।यह प्रसन्नता की बात है कि अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नृत्यांगना आंचल पांडेय द्वारा पंडित बरेठ का सम्मान किया जा रहा है।आंचल पांडेय पं बरेठ की प्रमुख शिष्या रही हैं।गुरू और शिष्य एक ही मंच से रायगढ़ घराने की परंपरा को समृद्ध कर रहे हैं।यह कत्थक नृत्य कला के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व आई.एस.एस.अधिकारी और समीक्षक डाॅ.रमेश चन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि पं बरेठ का सम्मान उनके ही अंतर्राष्ट्रीय लब्धप्रतिष्ठित शिष्या द्वारा किया जाना कत्थक नृत्य कला का अविरल विकास एवं समृद्ध परंपरा को दर्शाता है। निश्चित रूप से हम सभी के लिए यह गौरव का क्षण है।
समारोह में कार्यक्रम की अध्यक्षता आंचल पांडेय ने की जबकि मंच संचालन पं रामलाल बरेठ जी के सुपुत्र नृत्याचार्य गुरू भूपेंद्र बरेठ जी ने किया । समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डाॅ मकरध्वज श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर सर्वश्री विष्णु कुमार तिवारी, रूचि देवांगन, श्रुति देवांगन,अनन्या मिश्रा,नित्या,अंजनी मिश्रा, अनन्या साओ, शैलेंद्र सिंह कछवाहा,रीना झा सहित बड़ी संख्या में पं बरेठ के शिष्य एवं प्रशंसक उपस्थित थे।