
बिलासपुर, 19 जून – धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी जयदीप रॉबिंसन ने गुरुवार देर रात सिविल लाइन थाना से महज चंद कदम की दूरी पर स्थित बर्जेस इंग्लिश स्कूल में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। उसने प्राचार्य कक्ष का ताला तोड़कर जबरन कब्जा करने की कोशिश की और इसका फोटो-वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया।

क्या है मामला:
पुलिस के अनुसार, जयदीप रॉबिंसन ने पहले अपनी टीम को सिविल लाइन थाना भेजकर पुलिस बल की मांग की। थाना प्रभारी द्वारा इनकार करने पर वह खुद टीम के साथ स्कूल पहुंचा, गेट और प्राचार्य कक्ष का ताला तोड़ा और जबरन प्रवेश किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया।
स्कूल की प्राचार्या निशिता हंसा दास ने देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि आरोपी ने नियम विरुद्ध रिटायर्ड हिंदी प्राध्यापक संगम शुक्ला को सीबीएसई पाठ्यक्रम वाले स्कूल का प्रभारी प्राचार्य नियुक्त कर चाबी सौंप दी। जबकि CBSE नियमों के अनुसार प्राचार्य पद के लिए इंग्लिश मीडियम, http://B.Ed और 8 वर्ष का अनुभव अनिवार्य है।
पुराना रिकॉर्ड:
जयदीप रॉबिंसन पर पहले से 7 एफआईआर दर्ज हैं और वह जमानत पर चल रहा है। दो दिन पहले ही कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइन थाने में उसके खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का नया मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि उसने U.C.M.S. का फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी दिखाकर नजूल भूमि बेचने का सौदा किया और लाखों रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है। घटना के बाद मिशनरी स्कूलों में सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।