
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में अपने दो साल का ऐतिहासिक सफर पूरा कर लिया है। संगठन ने सराफा व्यापारियों को एकजुट करने, सुरक्षा, डिजिटल सशक्तिकरण और व्यापारिक विकास में नई मिसाल कायम की है। अब तीसरे साल में 251 इकाइयों के गठन और जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है।
शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में हुई राज्य स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस में दो साल की उपलब्धियों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें सराफा जन-संवाद अभियान, संगठन विस्तार, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ऑपरेशन गोल्ड और बीआईएस जागरूकता अभियान को प्रमुखता से दिखाया गया।
28 जून को बिलासपुर में सराफा महासम्मेलन
28 जून 2026, रविवार को सुबह 10 बजे से रामदेव लॉन, मंगला बिलासपुर में तृतीय आमसभा एवं प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन होगा। इसमें प्रदेशभर से करीब 5000 सराफा व्यापारी, प्रतिनिधि और पदाधिकारी जुटेंगे। इससे पहले जगदलपुर और जांजगीर में आमसभाएं हो चुकी हैं।
125 से ज्यादा इकाइयां, अब 251 का लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि जनवरी 2024 में संगठन की 60 सक्रिय इकाइयां थीं, जो जून 2024 तक 91 और अब 125 से ज्यादा हो चुकी हैं। अब लक्ष्य प्रदेश के हर सराफा व्यापारी को जोड़कर 251 इकाइयां बनाने का है।
ऑपरेशन गोल्ड बना पुलिस-व्यापारी समन्वय की मिसाल
बिलासपुर पुलिस के ‘ऑपरेशन गोल्ड’ ने पूरे प्रदेश में मिसाल कायम की। सरकंडा में हुई डकैती के 24 घंटे में ही पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया। आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह और पूरी टीम को एसोसिएशन ने सम्मानित किया।
जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क: नई पहचान की तैयारी
रायपुर में प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को शासन स्तर पर स्वीकृति दिलाने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। पार्क में आधुनिक कार्यालय, सामुदायिक भवन और व्यापारिक सुविधाएं विकसित होंगी। यह छत्तीसगढ़ के सराफा उद्योग को नई पहचान देगा।
महासम्मेलन का मुख्य मुद्दा: धारा 317 का सरलीकरण
28 जून के महासम्मेलन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317 के सरलीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठेगा। इस धारा से सराफा व्यापारियों को हो रही कानूनी और व्यावहारिक दिक्कतों पर चर्चा कर शासन से सरल नियम बनाने की मांग होगी।
तैयारियां अंतिम दौर में
महासम्मेलन की तैयारियों में प्रदेश सचिव प्रकाश गोलछा, कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन जैन, समन्वयक प्रदीप मारोठी घोरपड़े, कार्यकारी अध्यक्ष संजय कानुगा, उत्तमचंद भंडारी, पवन अग्रवाल, राजू दुग्गड़, राजेश सोनी, संगठन मंत्री सुनील सोनी, मीडिया प्रभारी आलोक सोनी, जिला अध्यक्ष कल्याण सिंह, सचिव दीपक सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय समेत तमाम पदाधिकारी जुटे हैं। आयोजन में बिलासपुर, तखतपुर, सीपत, मरवाही, बेलतरा, चकरभाठा, कोटा, बिल्हा-सरगांव और रतनपुर सराफा एसोसिएशन की अहम भूमिका रहेगी।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा, “दो साल उपलब्धियों से भरे रहे। अब तीसरा साल नई मिसाल बनेगा। लक्ष्य है 251 इकाइयां, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क और व्यापारियों की सुरक्षा को और मजबूत करना।”