
बिलासपुर । पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से श्रीसूर्या पुष्पा फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल की। फाउंडेशन के डायरेक्टर गौरव शुक्ला ने गुरुवार को महामाया आईटीआई पहुंचकर संस्था के संचालक एस एल साहू एवं प्रशिक्षण अधीक्षक पी एस राठौर को ससम्मान बेल का पौधा सौजन्य भेंट किया।
इस अवसर पर गौरव शुक्ला ने कहा कि बेल का वृक्ष धार्मिक महत्व के साथ-साथ पर्यावरण शुद्धिकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि “आज हमें केवल पेड़ लगाने नहीं, बल्कि उन्हें बचाने का संकल्प लेना होगा। श्रीसूर्या पुष्पा फाउंडेशन का उद्देश्य हर नागरिक को इस अभियान से जोड़ना है।”
महामाया आईटीआई के संचालक एस एल साहू ने फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि “संस्थान में तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ छात्रों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। यह बेल का पौधा परिसर में लगाया जाएगा और इसकी देखभाल की जिम्मेदारी प्रशिक्षणार्थियों को सौंपी जाएगी।”

प्रशिक्षण अधीक्षक पी एस राठौर ने कहा कि “हर छात्र से अपील है कि वे अपने घर और आसपास कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। इसी से हम स्वच्छ और स्वस्थ बिलासपुर का निर्माण कर सकते हैं।”
कार्यक्रम में संस्थान के समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने मिलकर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया।
फाउंडेशन के डायरेक्टर गौरव शुक्ला ने आमजन से अपील की कि “आइए, हम सभी इस हरियाली अभियान से जुड़ें। एक पेड़ लगाएं और धरती को हरा-भरा बनाएं।”