बिलासपुर: ईद और गणेश पर्व से पहले कलेक्टर-SSP की दो टूक – हुड़दंग किया तो खैर नहीं

बिलासपुर कलेक्ट्रेट के मंथन हॉल में शांति समिति की बैठक लेते कलेक्टर संजय अग्रवाल और SSP राजनेश सिंह।

बिलासपुर. ईद-ए-मिलाद और गणेश चतुर्थी पर्व से पहले बिलासपुर जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी राजनेश सिंह ने जिला कार्यालय के मंथन मीटिंग हॉल में शांति समिति की हाईलेवल बैठक लेकर दो टूक चेतावनी दे दी – त्यौहार पूरे जोश से मनाओ, लेकिन हुड़दंग किया तो खैर नहीं।

बैठक में दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का निर्णय लिया गया।

कलेक्टर-SSP के 5 सख्त फरमान, नहीं माना तो सीधी कार्रवाई:

1. सड़क पर पंडाल लगाया तो पंडाल जब्त – किसी भी कीमत पर सड़क जाम कर पंडाल नहीं लगेगा। यातायात बाधित करने पर परमिशन रद्द और FIR। सभी आयोजकों को थाना प्रभारी और SDM से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य।

2. CCTV और मिट्टी के गणेश अनिवार्य – बिना CCTV कैमरे के किसी भी पंडाल को अनुमति नहीं मिलेगी। केवल मिट्टी की प्रतिमा ही स्थापित होगी। बिजली के तारों के नीचे या पास में पंडाल लगाने पर तत्काल रोक। स्वयंसेवकों की ड्यूटी अनिवार्य।

3. सड़क पर भंडारा और प्लास्टिक बैन – सड़क पर वाहन रोककर भंडारा या प्रसाद वितरण किया तो वाहन जब्त होगा। लंगर-भंडारे में प्लास्टिक पूरी तरह प्रतिबंधित, दोना-पत्तल और डस्टबिन रखना होगा। गंदगी फैलाने पर जुर्माना।

4. विसर्जन का रूट तय, मनमानी नहीं चलेगी – गणेश विसर्जन के लिए प्रशासन ने रूट चार्ट और पार्किंग स्थल तय कर दिया है। विसर्जन स्थल की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी को देना अनिवार्य। तय रूट से हटने पर पुलिस बीच रास्ते में ही रोक देगी।

5. ईदगाह से विसर्जन कुंड तक हाई अलर्ट – ईदगाह, प्रमुख मस्जिदों, मंदिरों, गणेश पंडालों, संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। नगर निगम को ईदगाह और प्रमुख मार्गों की सफाई-प्रकाश व्यवस्था, CSEB को 24 घंटे निर्बाध बिजली और जिला अस्पताल को इमरजेंसी मेडिकल टीम अलर्ट पर रखने के निर्देश।

शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ दोनों पर्व मनाने का भरोसा दिलाया।

बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एडिशनल कमिश्नर नगर निगम खजांची कुमार, एसडीएम मनीष साहू, संयुक्त कलेक्टर रजनी भगत, सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार सहित शांति समिति के सदस्य हबीब मेमन, चंचल सलूजा, मनजीत सिंह अरोरा, विकास शर्मा, विक्रांत केशरवानी, राजेश मिश्रा, प्रबीर सेन गुप्ता, प्रदीप कुमार शर्मा, सुधीर खण्डेलवाल, इरशाद अली, अनिल कुमार गौरहा और सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *