सावन की फुहारों के बीच समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् द्वारा “सावन उत्सव” का आयोजन

बिलासपुर -: सावन की हरियाली, लोक संस्कृति की मिठास और नारी शक्ति के उत्साह का अनूठा संगम शनिवार, 22 अगस्त को अशोक नगर स्थित होटल लालाजी में देखने को मिला। समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् बिलासपुर द्वारा आयोजित “सावन उत्सव” में महिलाओं ने गीत, संगीत, नृत्य, कविता और मनोरंजक खेलों के माध्यम से सावन की पारंपरिक छटा को जीवंत कर दिया। आयोजन में उत्साह, उमंग, आत्मीयता और सांस्कृतिक रंगों की ऐसी बयार बही कि पूरा वातावरण सावनमय हो उठा।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संगठन की जिला सचिव अंजू शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात वातावरण भक्तिमय हो गया। श्वेता शर्मा ने भगवान श्रीगणेश एवं मां सरस्वती की भावपूर्ण वंदना प्रस्तुत की। उनकी प्रस्तुति ने पूरे सभागार को भक्तिरस से सराबोर कर दिया और इसके साथ ही सावन उत्सव के रंगारंग कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ।

सावन के पारंपरिक गीतों पर महिलाओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की प्रस्तुतियों में सावन की खुशी, लोक परंपरा और भारतीय नारी की सहज कलात्मकता की झलक दिखाई दी। उपस्थित महिलाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही सावन आधारित कविता पाठ ने कार्यक्रम को साहित्यिक रंग प्रदान किया।

कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न रोचक एवं मनोरंजक गेम्स में मातृशक्ति ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। खेलों के दौरान हंसी-खुशी और मनोरंजन का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “सावन सुंदरी प्रतियोगिता” रही। विभिन्न चरणों के बाद इंदु दीवान को “सावन सुंदरी” घोषित किया गया। विजेता बनने पर उपस्थित मातृशक्ति ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में प्रदेश प्रमुख सलाहकार शशि द्विवेदी, प्रदेश सचिव मनीषा शर्मा एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज तिवारी ने अपने उद्बोधन में सावन उत्सव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा सामने लाने और एक-दूसरे से आत्मीय रूप से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने मातृशक्ति को परिवार, समाज और संगठन की महत्वपूर्ण आधारशिला बताते हुए सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन जिलाध्यक्ष रमा दीवान एवं श्वेता शर्मा ने प्रभावी एवं आकर्षक अंदाज में किया।

सावन उत्सव में प्रीति पांडेय, प्रियंका दुबे, माया दुबे, पुष्पा दुबे, सरिता तिवारी, सीमा शर्मा, विभा पांडेय, नीलिमा शर्मा, नेहा दुबे, लता शर्मा, किरण शर्मा, चंद्रकांता गौराहा, किरण शुक्ला, विजयलक्ष्मी पाठक, अचला तिवारी, मुस्कान मिश्रा, वंदना शर्मा, शोभा दुबे, सीमा शुक्ला, रमा गौराहा, रेखा दुबे, रेखा तिवारी, तारा देवी दुबे, संगीता तिवारी, स्वाति दीवान, शोभा तिवारी, उर्वशी शर्मा, शिखा तिवारी, मीना तिवारी, जया शुक्ला, दुर्गा शर्मा, मुस्कान शर्मा सहित बिलासपुर निवासी संगठन सहयोगी सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों और उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *