
बिलासपुर। जोगी परिवार ने भाजपा का दामन थामने का तो मन नहीं बना लिया है ? जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जोगी को प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की केन्द्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात को इसी संभावना से जोड़कर देखा जा रहा है। अमित ने दिल्ली में श्री शाह से मुलाकात की है।
छत्तीसगढ़ में जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जोगी को भाजपा की बी टीम बनकर कार्य करने के आरोप लगते रहे हैं। वर्ष 2003 के विधानसभा चुनावों से लेकर 2013 तक लगातार तीन चुनावों में कांग्रेस की हार के लिए अजीत जोगी को ही जिम्मेदार माना गया। भूपेश बघेल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनते ही सबसे पहले स्वर्गीय अजीत जोगी को कांग्रेस से किनारे करना शुरू किया। अजीत ने कांग्रेस से अलग होकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जोगी के नाम से नई पार्टी बना ली और 2013 का विधानसभा चुनाव अपनी पार्टी के चुनाव चिन्ह हलधर किसान पर चुनाव लड़ा। बहुजन समाज पार्टी से सीटों का तालमेल कर अजीत जोगी ने बड़ा चुनावी दांव भी खेला, लेकिन आशा के अनुकूल सफलता नहीं मिली। पांच सीटें जोगी कांग्रेस को तो 5 सीटें बसपा को मिलीं।
बता दें कि इस बार के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में अमित जोगी की पार्टी का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। पार्टी के हिस्से एक भी सीट नहीं आई। अमित जोगी खुद पाटन सीट से तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ चुनाव लड़े थे, लेकिन वे जमानत भी नहीं बचा पाए हैं। 2018 में पार्टी के 5 एमएलए थे, इस बार उनका एक भी प्रत्याशी चुनाव नहीं जीता है, पार्टी का वोट शेयर भी घट गया है।