छात्र संघ चुनाव बहाली और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त समस्याओं को लेकर NSUI ने पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन का किया ऐलान

कार्यकारी संपादक एस पी शुक्ला की कलम से ,बिलासपुर, आज दिनांक 26/03/2026 को छात्र संघ चुनाव बहाली बहाली और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त समस्याओं को लेकर NSUI ने प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता में कहा कि विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और कलेक्टोरेट के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे छात्रों की आवाज दब रही है और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षण संस्थानों में लगातार बढ़ते व्यवसायीकरण, फीस वृद्धि और छात्रों पर दबाव की स्थिति बनी हुई है। कई मामलों में छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने से वे अपनी मांगों को खुलकर सामने रखने से डरते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय समेत कई संस्थानों में छात्र अपनी समस्याओं को प्रभावी ढंग से नहीं उठा पा रहे हैं। छात्रसंघ चुनाव को छात्रों के अधिकारों और उनकी आवाज का अहम माध्यम बताते हुए इसे तत्काल बहाल करने की मांग की गई।
NSUI ने जिले में संचालित कुछ निजी विद्यालयों पर भी गंभीर आरोप लगाए। संगठन का कहना है कि कई स्कूल बिना पर्याप्त संसाधनों के किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं, जिससे शिक्षा का व्यवसायीकरण हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि इन मामलों के साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं और जल्द ही प्रशासन को सौंपे जाएंगे। आंदोलन का कार्यक्रम
30 मार्च 2026: प्रत्येक महाविद्यालय में समन्वयक नियुक्त कर स्थानीय स्तर पर प्रदर्शन
4 अप्रैल 2026: जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय का घेराव
6 अप्रैल 2026: प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में व्यापक प्रदर्शन और मार्च
NSUI ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन ने छात्रों और अभिभावकों से इस अभियान में जुड़ने की अपील की है।
प्रेस वार्ता में विकास सिंह ठाकुर, विवेक साहू, उमर अहमद, फरहान खान और सार्थक मिश्रा सृजुल द्विवेदी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *