सकरी में सोने की चोरी और कार्रवाई नहीं होने पर व्यवसायी ने की प्रेस वार्ता

बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के आसमा सिटी निवासी व्यवसायी सतीश मिश्रा ने अपने घर में हुई सोने की चोरी और पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में प्रेस वार्ता आयोजित कर पत्रकारों को मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके घर में अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर माह के दौरान करीब तीन महीने तक लगातार चोरी की घटनाएं होती रहीं, जिसमें असली सोने की जगह नकली सोना रख दिया गया।

सतीश मिश्रा के अनुसार, इस मामले में उन्होंने 19 फरवरी 2026 और 26 मार्च 2026 को पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में कुछ कथित परिचित लोगों की संलिप्तता है, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि 5 फरवरी से 15 मार्च 2026 के बीच उनके खाते से सकरी स्थित एटीएम से कई बार पैसे आहरित किए गए, जिसकी जानकारी और जांच के लिए भी उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है।

प्रेस वार्ता के दौरान सतीश मिश्रा ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे आगे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने और कानूनी कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *