गुमनाम नायिकाओं का होगा सम्मान: बिलासपुर में ‘माता तीजन बाई सम्मान’ का पोस्टर जारी, 14-18 फिल्में करने वाली 10 महिला कलाकारों समेत 30 पंडवानी कलाकारों को मिलेगा मंच

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की लोककला एवं कलाकारों के सम्मान को समर्पित ‘माता तीजन बाई सम्मान’ के दूसरे संस्करण का पोस्टर मंगलवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में विमोचित किया गया। इस वर्ष पहली बार उन संघर्षरत महिला कलाकारों को भी मंच मिलेगा, जिन्होंने 14 से 18 फिल्मों में अभिनय किया, लेकिन अब तक किसी बड़े सम्मान से वंचित रही हैं।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर फिल्म नायिका सोनाली सहारे, माता तीजन बाई की पोती मिस भावना, वरिष्ठ छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकार लता राही और ‘माता तीजन बाई सम्मान समिति’ के अध्यक्ष अलीम बंशी उपस्थित रहे। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी और कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव भी मौजूद थे।

किसे मिलेगा सम्मान:
आयोजन समिति अध्यक्ष अलीम बंशी ने बताया कि पिछले वर्ष 40 से अधिक पंडवानी कलाकारों को सम्मानित किया गया था। इस वर्ष 30 पंडवानी कलाकारों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।

पहली बार छत्तीसगढ़ की उन संघर्षशील महिला कलाकारों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने 14 से 18 फिल्मों में काम किया, लेकिन अब तक किसी बड़े पुरस्कार से वंचित रही हैं। समिति के अनुसार, माता तीजन बाई ने स्वयं ऐसी 10 महिला कलाकारों को ‘माता तीजन बाई सम्मान’ प्रदान करने की घोषणा की है। यह सम्मान उनके कला-साधना, संघर्ष और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रति योगदान को समर्पित होगा।

सोनाली सहारे बोलीं- गर्व की बात:
नामांकित नायिका सोनाली सहारे ने कहा, “यह सम्मान मिलना मेरे लिए गर्व की बात है। सूची में मेरा नाम आना सौभाग्य का विषय है। जिनके नाम से यह सम्मान दिया जा रहा है, वह महान शख्सियत हैं। उन्होंने पंडवानी को देश-विदेश तक पहुंचाया। उनके संघर्ष और परिश्रम का बहुत बड़ा योगदान है।”

उद्देश्य प्रचार नहीं, सम्मान:
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य प्रचार-प्रसार नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के कोने-कोने तक इस सम्मान समारोह की जानकारी पहुंचाना और लोक कलाकारों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है।

रायपुर में होगा समारोह:
‘माता तीजन बाई सम्मान समारोह’ का आयोजन इस वर्ष रायपुर में किया जाएगा। यह आयोजन का दूसरा वर्ष होगा। समिति ने बिलासपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *